न्यूज़ सुनें....
|
इंदौर में शनिवार को रंगपंचमी की धूम रही। टोरी कॉर्नर से सुबह 10.30 बजे शुरुआत हुई। 5 घंटे में फागयात्रा समेत सभी गेर का दोपहर 3.30 बजे राजबाड़ा पहुंच गई। लोग डीजे पर नाचते-गाते रहे। मशीनों से रंग-गुलाल उड़ाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। उन्होंने रथ से पानी की बौछार कर रंग बरसाया। गेर खत्म होते ही नगर निगम की टीम ने गेर रूट की सफाई शुरू कर दी। इसके लिए 500 कर्मचारी एकसाथ उतारे गए। एक-दो घंटे में ही सड़कों को पहले की तरह चकाचक कर दिया गया।
शनिवार सुबह से लोग राजवाड़ा, खजुरी मार्केट से लेकर टोरी कॉर्नर पर पहुंच गए थे। इस बार गेर का लुत्फ उठाने के लिए छतों पर प्री-बुकिंग कर सुविधा दी गई। सबसे आगे रसिया कॉर्नर की गेर थी। उसके बाद मोरल क्लब, हिंदरक्षक की राधाकृष्ण फागयात्रा थी। सबसे आखिरी में संगम कॉर्नर की गेर आई थी। यात्रा के दौरान 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
एम्बुलेंस को कॉरिडोर बनाकर तत्काल निकाला
राधाकृष्ण फागयात्रा में इस बार अयोध्या के राम मंदिर पर आधारित झांकी भी शामिल रही। जब यात्रा राजवाड़ा के पास पहुंची तो एक एम्बुलेंस आकर फंस गई। प्रशासन और आयोजकों ने मिलकर यात्रा की भारी भीड़ के बीच से कॉरिडोर बनाकर एम्बुलेंस को तुरंत निकलवाया।
एक अन्य झांकी में हनुमानजी को भी उड़ते हुए दिखाया गया जो आकर्षण का केंद्र रही। नगर निगम की पालकी में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और इंदौर NRI 2024 जैसी उपलब्धियों को दिखाया गया।
बादल छाए होने से गर्मी से राहत रही
आज सुबह से ही बादल छाए हैं। गर्मी से राहत मिली है। दो दिन से तापमान 38 से 39 डिग्री के आसपास था जो कि अब 37 पर आ गया है। रंगों से बचाने के लिए राजवाड़ा के आसपास तमाम इमारतों पर तिरपाल से ढंक दिया गया था। 75 वर्षों से निकलने वाली गेर की व्यवस्था में दैनिक भास्कर की पहल पर प्रशासन और पुलिस ने कई बदलाव भी किए थे।
मुख्यमंत्री बोले- यूनेस्को में शामिल कराने की कोशिश करूंगा
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि ‘मुझे पता चला कि इंदौर के लोगों ने गेर को यूनेस्को की इंटैंजिबल कल्चरल हेरिटेज की सूची में शामिल कराने का अभियान चलाया था। इसके लिए मैं भी सरकार के स्तर पर प्रयास करुंगा। उम्मीद है कि 2025 में इंदौर की यह गेर यूनेस्को की लिस्ट में शामिल हो जाए। गेर सिर्फ शब्द नहीं, यह सबको अपना बनाने वालों की टोली है। यह विजय का प्रतीक है। सभी प्रदेशवासियों को रंगपंचमी की शुभकामनाएं देता हूं।’ मुख्यमंत्री करीब दो घंटे गेर में रहे। साथ में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत महापौर-विधायक भी थे।
गेर निकालने के बाद सफाई अभियान चला
गेर समाप्त होने के बाद सफाई अभियान शुरू किया गया। नगर निगम की 23 सफाई मशीन, 5 जेसीबी, 15 डंपर और 500 कर्मचारियों द्वारा सफाई की गई।
हिंद रक्षक की फाग यात्रा में हनुमान जी की झांकी
‘गेरों’ के रंग में इंदौर सराबोर