न्यूज़ सुनें....
|
गुना….
गुना में एक महिला पर दो लोग पत्नी होने का दावा कर रहे हैं। 28 साल की इस महिला ने 8 फरवरी को ही कोर्ट मैरिज की है। रविवार को महिला पति और देवर के साथ जिला अस्पताल के लिए आ रही थी। रास्ते में उसे पहले पति (जैसा वह दावा कर रहा है) ने देख लिया। पीछा कर वह भी अस्पताल पहुंच गया। महिला से पूछा- तुम यहां कैसे?
महिला उसके साथ बैठकर बाइक पर जाने लगी। इतने में हाल ही में शादी करने वाला पति आ गया और बाइक रोक ली। इसके बाद दोनों युवक महिला को अपनी पत्नी बताने लगे। पहले ने कहा कि वह महिला से 3 साल पहले शादी कर चुका है। 15 दिन पहले पत्नी को मायके छोड़कर काम पर चला गया था। दूसने ने कहा- इसी महीने उसने कोर्ट मैरिज की। महिला मेरी पत्नी है।
हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंची। सभी को थाने लेकर आई। देर रात तक मामले में समझौता नहीं हो पाया। पुलिस ने महिला को दोनों दावेदार पतियों में से किसी के साथ नहीं भेजा। महिला को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। महिला की मां एक ग्राम पंचायत की सरपंच बताई जा रही हैं।
दूसरे दावेदार ने शादी के लिए दिए 1.30 लाख रु.
राजगढ़ जिले की सारंगपुर तहसील के रहने वाले विष्णु प्रसाद मेघवाल (25) का कहीं रिश्ता नहीं हो रहा था। अशेकनगर के रजनीकांत कुशवाह से उसका कॉन्टैक्ट हुआ। रजनीकांत ने उसे बैतूल की 28 साल की युवती से शारी कराने की बात कही। यह भी कहा कि लड़की का परिवार गरीब है। शादी के लिए 1.30 लाख का इंतजाम करना होगा। विष्णु ने 1.30 लाख रुपए दे दिए।
8 फरवरी को अशोकनगर में दोनों की कोर्ट मैरिज कराई गई। इसके बाद विष्णु पत्नी को लेकर अपने गांव चला गया। यहां 9 फरवरी को कुलमाता के मंदिर में रीति-रिवाज से शादी की। इस बीच विष्णु न तो ससुराल गया और न ही सास-ससुर से बात की।
जिसने शादी कराई, उसका फोन आया- लड़की की मां भर्ती है…
विष्णु ने बताया कि सब कुछ ठीक चल रहा था। इसी दौरान रजनीकांत का उसके पास फोन आया। बोला- लड़की (पत्नी) की मां की तबीयत खराब है। वह गुना जिला अस्पताल के वार्ड नंबर 26 में भर्ती हैं। पत्नी को दिखाने ले जाओ। विष्णु का कहना है कि उसने यह बात पत्नी को बताई, उससे कहा कि मां का नंबर हो तो बताओ, उनकी तबीयत पूछ लो। पत्नी ने कहा कि उसके पास किसी का नंबर नहीं है।
भाई के साथ पत्नी को लेकर गुना के लिए निकला…
रविवार को सुबह फिर रजनीकांत का विष्णु के पास कॉल आया कि पत्नी को गुना ले जाए। इस बात पर विष्णु अपने भाई और पत्नी के साथ गुना के लिए रवाना हुआ। दोपहर को सभी बस से गुना पहुंचे। वह अपने साथ बीमार मां के लिए खाना, कंबल वगैरह भी लेकर पहुंचा। विष्णु ने बताया कि अगर रात-बेरात रुकना पड़े, इसलिए कपड़े और कंबल भी लेकर आया था। वह गुना बस स्टैंड पर उतरकर ऑटो से जिला अस्पताल के लिए निकला।
अस्पताल में किसी और के साथ बैठकर जाने लगी पत्नी…
विष्णु के मुताबिक, हम अस्पताल पहुंचे ही थे। मैं और भाई अस्पताल के अंदर थे, इसी दौरान देखा कि पत्नी को कोई बाइक पर बैठाकर ले जा रहा है। हम दोनों भाई दौड़कर बाहर आए और बाइक को पकड़ लिया। इस दौरान छोटा भाई जमीन पर भी गिर पड़ा। बाइक से आया युवक मेरी पत्नी को अपनी पत्नी बताने लगा। युवक कह रहा था कि उसकी शादी इस महिला से 3 साल पहले हो चुकी है, इसलिए वह उसे बैठाकर ले जा रहा था।
पहले पति होने का दावेदार बोला, 15 दिन पहले ही मायके छोड़ा था…
बाइक पर महिला को बैठाकर ले जाने वाला राजेश सहरिया गुना के ही झमझरा चक्क का रहने वाला है। उसने बताया कि महिला से उसकी शादी 3 साल पहले हुई थी। 15 दिन पहले ही वह पत्नी को उसके मायके छोड़कर गया था। इसके बाद वह काम की तलाश में निकल गया। उसने कुछ दिन रुठियाई में ईंट-भट्ठों पर काम किया। वह मोबाइल भी पत्नी को देकर आया था। उसने कई बार कॉल किया, लेकिन उसका कॉल नहीं लग रहा था। राजेश ने बताया कि रविवार को वह केदारनाथ धाम पर दर्शन कर गुना आया था। यहां उसने बस स्टैंड के पास देखा कि उसकी पत्नी एक ऑटो में बैठकर जा रही है। ऑटो में दो युवक भी बैठे हैं। उसने बाइक से ऑटो का पीछा किया और ऑटो के पीछे-पीछे जिला अस्पताल पहुंच गया। यहां उसने मौका देखकर पत्नी से पूछा कि वह यहां क्या कर रही है। इतने में ही पत्नी उसकी बाइक पर आकर बैठ गई और दोनों चल दिए। इसी दौरान दो युवकों ने बाइक को आकार पकड़ लिया।