न्यूज़ सुनें....
|
इंदौर….
इंदौर में स्टील कारोबारी की पत्नी ने खुदकुशी कर ली। मृतक का नाम संगीता (41) है। उसने बाथरूम में गीजर के पाइप पर दुपट्टे का फंदा बांधकर फांसी लगा ली। संगीता के मायके वालों ने उसके ससुराल पक्ष पर उसे पिछले दो साल से परेशान करने के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि संगीता को पति और सास-ससुर दिनभर में 100 से ज्यादा बार पागल बोलते, उसे ताने मारते। इसके चलते संगीता डिप्रेशन में आ गई थी।
घटना शहर के महालक्ष्मी नगर इलाके की है। मृतक संगीता का पति मितेश स्टील कारोबारी है। उनकी हनुमान स्टील नाम से फर्म है। दोनों की शादी 20 साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे आर्यन (17) और नंदनी (13) हैं। हालांकि मायके पक्ष के आरोपों को मृतका के पति ने गलत बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बेटे से कहा- बाथरूम से आ रही हूं, फिर नहीं लौटी…
लसूड़िया पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर को 17 साल का बेटा आर्यन स्कूल से घर लौटा। घर पर मां-बेटे के बीच सामान्य बातचीत भी हुई। बेटे से बात करने के दौरान उसने कहा कि वह बाथरूम जा रही है। इस दौरान सास-ससुर घर के नीचे वाले हिस्से में बैठे थे। काफी देर बाद भी जब संगीता बाथरूम से बाहर नहीं आई, तो बेटा मां को बुलाने पहुंचा। उसने डोर खटखटाया, लेकिन मां ने कोई जवाब नहीं दिया। वह घबरा गया और उसने शोर मचाया। शोर सुन आसपास के लोग भी जमा हो गए। कारपेंटर को बुलाकर दरवाजा खुलवाया तो संगीता गीजर के पाइप पर दुपट्टे से बांधे फंदे पर लटकी मिली। परिवार के लोग उसे लेकर करीब के निजी अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि कर दी। शनिवार को महिला के परिजनों के राजस्थान के बिजयनगर से आने के बाद एमवाय अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम करवाया गया।
ससुराल वाले पागल बोलकर ताने मारते थे
मूलत: राजस्थान के अजमेर जिले के बिजयनगर की रहने वाली संगीता के चाचा महावीर प्रसाद का आरोप है कि- पिछले दो साल से ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे। पति, सास भगवती देवी और ससुर मनोहर लाल दिनभर उसे ताने मारते थे। वे उसे पागल बोलते थे। उसे कहते कि तू गरीब परिवार की है। तुझे कोई समझ नहीं है। उसे इतनी जोर से डांटते की वह कांपने लगती थी। ससुराल वाले उसे मारते नहीं थे, लेकिन जिस तरह से प्रताड़ित करते थे, वो मारने से भी ज्यादा भयानक था। तानों के कारण वह डिप्रेशन में आ गई थी। 10 मिनट से ज्यादा बाजार में हो गए तो भी उसे फोन कर चिल्लाते थे। हम लोग मिलने जाते थे, तो बोलते थे कि होटल में जगह नहीं होगी, इसलिए हमारे घर आ गए आप लोग। पहले मितेश का परिवार जोधपुर में रहता था। बाद में वे इंदौर शिफ्ट हो गए थे।
वीडियो कॉल करते, तो पति गले में हाथ डालकर बात करता, कान में धमकाता
चाचा ने आरोप लगाते हुए कहा- संगीता की परिवार के लोगों से रोज फोन पर बात होती थी। मगर ससुराल वालों ने संगीता पर काफी दबाव बना रखा था। फोन पर बात करने के दौरान ससुराल वाले आसपास ही रहते और उसे कहते कि बोलना यहां सब ठीक है। वीडियो कॉल पर पति संगीता के गले में हाथ डालकर बात करते हुए उससे बहुत प्यार करने दिखावा करता। लेकिन उसके कान में धीरे-धीरे बोलकर उसे धमकाता था। पिछले दो सालों से उसे इसी प्रकार परेशान किया जा रहा था। अगर नाश्ता समय पर नहीं मिलता तो उसे डांटा जाता। दिन में जब सास-ससुर के सोने का वक्त होता था तो उस वक्त बच्चे या कोई आवाज कर दे तो भी संगीता को ही डांटा जाता था। परिवार के लोगों से की गई वाट्सएप चैट भी डिलीट कर देते थे। एक साल पहले भगवती देवी की बेटी ने भी सुसाइड किया था। इसके बावजूद ये लोग हमारी बेटी को परेशान करते थे।
पति ने आरोपों को गलत बताया
पति मितेश का कहना है कि जो आरोप लगाए जा रहे है वो गलत हैं। हमारी रोजाना फोन पर बात भी होती थी। मैं हर घंटे पत्नी से फोन पर बात करता था। शुक्रवार को भी दोपहर करीब डेढ़ बजे मेरी पत्नी से फोन पर बात हुई थी। मैंने पूछा भी था कि लंच किया तो उसने कहा कि पेट खराब है। हेवी ब्रेकफॉस्ट किया था। अपने हाथ से खिलाया था जूस भी अपने हाथ से पिलाया था। पत्नी ने कभी कोई परेशानी नहीं बताई। पत्नी की दवाईयां चल रही थीं। मेंटल इलनेस के चलते डॉक्टर से भी चेकअप कराते रहते थे। पति ने कहा पुलिस को एक डायरी मिली है। जिसमें लिखा है मैं परेशान हो चुकी हूं अपने आप से, आप लोग मेरा बहुत ध्यान रखते हो, लेकिन मैं सहन नहीं कर पा रही हूं। पुलिस ने भी बताया कि एक डायरी मिली है। एक पेज में चार-पांच लाइनें लिखी हैं। इसमें लिखा है मैं सबसे दूर जाना चाहती हूं, मुझे माफ करना।
घटनास्थल सील, पुलिस कर रही जांच
शनिवार को पुलिस ने महिला का पीएम करवाया। जिसके बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया। इस दौरान एमवाय अस्पताल में परिवार की महिलाओं व अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन ने बताया कि वे इंदौर में ही महिला का अंतिम संस्कार करेंगे। लसूड़िया थाने के उपनिरीक्षक जीआर सोलंकी के मुताबिक घटनास्थल को सील कर दिया गया है। एफएसएल टीम से पूरी जांच करवाई जा रही है। घटनास्थल से जो साक्ष्य मिलेंगे उसके आधार पर आगे की जांच की जाएगी। परिवार के लोगों ने भी कुछ जानकारी दी है। उसके आधार पर भी जांच की जाएगी। इधर, मृतिका के पति ने पूछताछ में संगीता के मानसिक रूप से परेशान रहने और उसका इलाज कराने की बात कही है। हालांकि इस मामले में डॉक्टर से भी बात की जाएगी।
परिजन खुद ही स्ट्रेचर से एंबुलेंस तक ले गए शव
एमवाय अस्पताल में परिवार के लोग जमा थे। संगीता के पीएम के बाद परिवार के लोग खुद ही स्ट्रेचर से शव को एंबुलेंस तक ले गए। इस दौरान परिवार के लोग मॉर्चुरी परिसर में ही रोने लगे। परिवार की महिलाएं ने भी इस दौरान स्ट्रेचर से संगीता का शव ले जाते दिखी।
Disclaimer: This story or news is brought from a computer program from news portals elsewhere on this platform and here it is clarified that it is not created or edited by jsamachar.com. This news has been taken from the publisher bhaskar.com and full credit for this news is given to him….