न्यूज़ सुनें....
|
इंदौर….
पुलिस ने चोर जैसा हुलिया बनकर आरोपियों को खोजा
मंत्री तुलसीराम सिलावट और पीएससी चेयरमैन डॉ. राजेश मेहरा के बंगलों से चंदन के पेड़ काटकर तस्करी करने वाली एक गैंग को पकड़ा गया है। यह गैंग अगरबत्ती कारखाना संचालक के कहने पर पेड़ काटकर बेचती थी। संयोगितागंज पुलिस को जब कोई सुराग नहीं मिला तो वह भी चोरों की तरह इलाके में रातभर घूमती रही। आखिर मुखबिर और फुटेज के आधार पर मिली जानकारी के बाद गैंग सरगना को पकड़ लिया। पता चला है गैंग पूरे प्रदेश से चंदन चुराकर यूपी और राजस्थान सप्लाय करती है।
पुलिस के अनुसार गैंग सरगना शहजाद निवासी चंदन नगर (आगर जिला, ग्राम पिपलोन) है। रात में दबिश देकर गैंग के साथी मांगीलाल बागरी, बलवंत बागरी और भोला बागरी सभी निवासी नागदा को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ सांवेर रोड पर अगरबत्ती कारखाना संचालक चंदन खरीदने वाले आकिब अली निवासी माणिकबाग को भी पकड़ा है। दो अन्य बदमाश फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि शहजाद हमें बुलवाकर चंदन के पेड़ कटवाता है। हम पेड़ों की छिलाई, कटिंग करते हैं, चंदन निकालकर आकिब को देते हैं।
शहजाद से आकिब खरीदता था चुराए चंदन की लकड़ी
आकिब ने बताया उसका अगरबत्ती का कारखाना है। चंदन के पेड़ में मात्र कुछ हिस्सा ही काम का रहता है, उसे शहजाद चोरों से 1500 रुपए किलो में खरीदता था और आकिब को 2 हजार रुपए किलो में बेच देता था। फिर इस माल को आकिब यूपी और राजस्थान में सप्लाय करता था। यह सप्लाय मो.सादिक व फारुक रऊफ नामक बदमाशों की गाड़ियों से होती थी, इसलिए इन्हें भी आरोपी बनाया है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
टीआई तहजीब काजी ने बताया कि बदमाशों ने 11 और 16 जुलाई को पलासिया में एक और हमारे क्षेत्र में दो इलाकों में चंदन के पेड़ों की चोरी की थी। ये तीन दिन में 8 पेड़ काटकर ले गए थे। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने भी चोरों की तरह सोचा और सुबह 5 बजे उन्हीं इलाकों में खोजबीन की तो एक पेड़ कटा हुआ मिला। बदमाशों के पैरों के निशान मिले जो नर्सरी से होते हुए चिड़िया घर तक दिखे। फिर कैमरे खंगाले तो आरोपी ऑटो में बैठे दिखे। तभी मुखबिर की सूचना पर रात में शहजाद के घर दबिश दी तो सभी आरोपी मिल गए।
चंदन का तेल 2 लाख रुपए किलो
आरोपियों ने बताया कि वे फारुख के माध्यम से पेड़ बेचते थे। यह चंदन बुरहानपुर स्थित फैक्ट्री को बेच देते थे। जब फैक्ट्री मालिक से पूछताछ की तो वह बोला कि चंदन के एक पेड़ से 2 किलो तेल निकलता है। इसकी कीमत 2 लाख रुपए किलो है।
लापरवाह सिपाही सस्पेंड
डीसीपी जोन-3 मनीष अग्रवाल के अनुसार चेयरमैन के बंगले में हुई चोरी के मामले में वहां तैनात बटालियन के सिपाही दिलीप की लापरवाही सामने आई थी। उसे सस्पैंड कर दिया गया।