न्यूज़ सुनें....
|
इंदौर….
इंदौर नगर निगम के वार्ड 44 की बीजेपी पार्षद निशा देवलिया का निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया गया है। उन्होंने चुनाव के दौरान शपथ पत्र में कॉमर्शियल मकान की जानकारी छुपाते हुए उसकी जगह आवासीय भवन बताया था। कोर्ट ने उनके स्थान पर कांग्रेस प्रत्याशी नंदनी आशीष मिश्रा को विजेता घोषित किया है।
मामला देवलिया के छोटी खजरानी स्थित 1600 वर्ग फिट भवन का है। चुनाव के दौरान देवलिया ने शपथ पत्र में 200 वर्ग फिट के चद्दर का मकान बताया था। टैक्स भी आवासीय मकान का चुकाना बताया था। इसके दस्तावेज भी लगाए गए थे। इसे लेकर कांग्रेस प्रत्याशी नंदनी आशीष मिश्रा ने आपत्ति लेते हुए कोर्ट की शरण ली।
सुनवाई के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी नंदनी मिश्रा के वकील केपी गणगोरे ने तर्क दिया की देवलिया का यह मकान करीब 20 साल पुराना है। रजिस्ट्री भी कॉमर्शियल है। इस लिए इनका चुनाव शुन्य घोषित किया जाए। शनिवार को कोर्ट ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद देवलिया का निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया।
इस चुनाव में देवलिया को 6988 और नंदनी मिश्रा को 5962 वोट मिले थे। तब निशा देवलिया को 1026 वोटो से विजय घोषित किया गया था। दैनिक भास्कर से बात करते हुए निशा देवलिया ने कहा कि इस फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील करेंगी।