न्यूज़ सुनें....
|
इंदौर….
रंगपंचमी पर इंदौर में निकली गेर से आसमान सतरंगी हो गया। जहां तक नजर पहुंची, वहां जमीन से लेकर आसमान तक उड़ते रंग-गुलाल नजर आए। लोगों का उत्साह चरम पर दिखा। जैसे-जैसे गेर आगे बढ़ी, लोगों का हुजूम बढ़ता गया।
गेर में करीब 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। शहर की इस ऐतिहासिक गेर में कई लोग परिवार के साथ पहुंचे। 3 किलोमीटर से लंबी गेर निकलने का सिलसिला दोपहर 3 बजे के बाद भी चलता रहा। इधर शहर की कॉलोनियों और गली-मोहल्लों में भी लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाया। वहीं सराफा बाजार और गोपाल मंदिर के आसपास भी लोग रंग खेलते नजर आए।
इस बार रसिया कॉर्नर गेर का गोल्डन जुबली साल है। गेर की शुरुआत ओल्ड राजमोहल्ला स्थित हरिराम मंदिर पर पूजन के बाद हुई। गेर में विशेष रूप से बैंड बाजे, ढोल ताशे, डीजे की 3 गाड़ियां, 10 ट्रैक्टर ट्रॉली पर ड्रम से पानी उड़ाते हुए हुरियारे चलते रहे। पानी की 5 टैंकरों पर 100 फीट तक केसरिया रंग की मार करने वाली मिसाइलें भी गेर में शामिल हुई। 500 युवा केसरिया हेलमेट पहनकर युवाओं को हेलमेट पहन गाड़ी चलाने का संदेश देते हुए निकले। गेर में शामिल सभी गाड़ियों पर हिंदू सनातन धर्म के प्रतीक बड़े-बड़े केसरिया ध्वज को शामिल किया गया।
मॉरल क्लब की गेर राजवाड़ा से सराफा के रास्ते से निकली। इस बार गेर को लेकर मॉरल क्लब ने भी जोरदार तैयारी की। गेर के लिए मुंबई से 70 लोगों की ताशा पार्टी बुलवाई। इसके अलावा 4 ब्लोअर मशीनों से अलग-अलग गाड़ियों से 60 फीट ऊपर तक गुलाल उड़ाया। 40 हजार लीटर के पानी टैंकर से 6 मिसाइल शामिल की गई। यूनेस्को में गेर का नाम शामिल हो इसके लिए खास प्रबंध किए गए।
निगम की गेर में पानी की बौछारें
नगर निगम की गेर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी शामिल हुए। इसमें पार्षद व भाजपा नेता भी ट्रैक्टर में बैठकर आगे बढ़ते दिखे। निगम की गेर में इस बार लोगों पर पानी की बौछारें डाली जा रही है। इस साल नगर निगम की गेर पहली बार नकाली गई। हर साल रसिया, टोरी कॉर्नर, रसिया कॉर्नर, हिंद रक्षक की गेर निकाली जाती है।
हिंद रक्षक : रंगारंग गेर के बीच फाग यात्रा
रंगारंग गेर के बीच हिन्द रक्षक की फाग यात्रा निकाली। यह फाग यात्रा बद्रीनारायण मंदिर से शुरू हुई। यात्रा के शुरू होने के पूर्व भगवान राधाकृष्ण की आरती की गई। यात्रा में शामिल रथ को संगठन की युवा शक्ति खींचते हुए चली। फागयात्रा में शामिल महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक दस्ता भी तैनात रहा। यात्रा में सबसे आगे भगवा ध्वज वाहिनी शामिल हुई। फाग यात्रा में अबीर, गुलाल व टेसू के फूलों का ही प्रयोग किया गया। यात्रा में भजन मंडलियां राधा कृष्ण के भजन व फाग गीत गाते हुए चलीं।
टोरी कॉर्नर की गेर में डुप्लीकेट अमिताभ
टोरी कॉर्नर रंग पंचमी महोत्सव समिति की गेर सबसे आगे चली। इसमें डुप्लीकेट अमिताभ बच्चन भी शामिल हुए। वे ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर सभी का अभिवादन करते हुए निकले। उनके साथ लोग सेल्फी लेते नजर आए। इस गेर में बोरिंग मशीन से 100 फीट ऊपर तक गुलाल उड़ाया गया। ब्लोअर से चमकीले रंगों की बौछार भी की गई। पानी के टैंकरों से 100 फीट तक रंगों की बौछार से गेर में लोगों का स्वागत किया गया। गेर में ढोल, बैंड, ट्रेक्टर, ट्राली, बैनर, 2 डीजे की गाड़ियां, तीन टैंकर भी शामिल हुए।