न्यूज़ सुनें....
|
इंदौर….
इंदौर में बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू के खिलाफ थाने में शिकायती आवेदन देने वाले विधायक के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ का कहना है कि FIR जरूर कराई जाएगी। इस तरह से हिंदू देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए वह संगठन के माध्यम से एक्शन लेंगे और अगर जरूरत पड़ी तो उग्र धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा। पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज करने की बात कही है।
हिंद रक्षक संगठन के संयोजक एकलव्य सिंह गौड़ ने कहा कि संगठन हमेशा हिंदू धर्म के प्रति समर्पित है। ऐसे में हम अपने देवी-देवताओं का अपमान कैसे सह सकते हैं। अफसरों ने इस मामले में दो दिन का समय मांगा है, जिसके बाद संगठन एक्शन लेगा। एकलव्य इंदौर से विधानसभा क्षेत्र नंबर 4 की विधायक मालिनी स्व. लक्ष्मण सिंह गौड़ के बेटे हैं।
तीन दिन पहले दिया था आवेदन
एकलव्य ने तीन दिन पहले यानी शुक्रवार को छत्रीपुरा टीआई को शिकायती आवेदन दिया था। सोमवार को जब एकलव्य ने टीआई से बात की तो उन्होंने दो दिन का समय मांगा। एकलव्य ने शिकायत में बताया था कि एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने 14 मार्च 2023 को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था। यह वीडियो एक फैशन शो का है। तापसी पन्नू ने इसमें अश्लील व अशोभनीय ड्रेस पहनी है। इसके साथ ही सनातन हिंदू धर्म की आराध्य देवी लक्ष्मी माता का लॉकेट गले में पहन रखा है। इसे हिंद रक्षक संगठन ने सुनियोजित रूप से सनातन धर्म को नीचा दिखाने एवं भावनाओं को अपमानित करने की बात कही।
मुनव्वर फारूकी को पहुंचा चुके हैं जेल
हिंद रक्षक संगठन के नेताओं ने करीब दो साल पहले 56 दुकान स्थित मुनरो कैफे पर स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी की पिटाई कर दी थी। बाद में आयोजक और कॉमेडियन को पकड़कर तुकोगंज थाने ले गए। संगठन ने देवी-देवताओं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी का आरोप लगाया था।
एकलव्य गौड़ ने कहा था कि फारूकी पहले भी देवी-देवताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी कर चुके हैं। जयपुर में भी शो कैंसिल हो चुका है। हम टिकट लेकर शो में शामिल हुए थे। इस मामले में फारूकी को काफी दिन इंदौर जेल में रहना पड़ा था। बाद में शीर्ष अदालत से उन्हें जमानत मिली थी। इंदौर में इस तरह के शो होने को लेकर हिंद रक्षक संस्था ने चेतावनी भी दी थी।
एकलव्य के पिता की भी रही है हिंदूवादी छवि
हिंद रक्षक संगठन की स्थापना कई सालों पहले इंदौर की अयोध्या कही जाने वाली विधानसभा 4 से भाजपा के लखन कहे जाने वाले विधायक लक्ष्मण सिंह गौड़ ने की थी। इस संगठन के माध्यम से इलाके के कई धार्मिक आयोजनों की नींव रखी गई। एकलव्य सिंह गौड के पिता की भी हिंदूवादी नेताओं में दमदार छवि रही है। एकलव्य भी अपने पिता की छवि पर आगे बढ़ रहे है। कुछ साल पहले यू्ट्यूबर रणजीत को भी वह हिंदू देवताओं पर मजाकिया वीडियो बनाने को लेकर चेतावनी दे चुके है। इसके बाद रणजीत ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर माफी मांगी थी।