न्यूज़ सुनें....
|
जबलपुर….
जबलपुर की क्राइम ब्रांच टीम ने मदनमहल थाने में दर्ज ब्लैकमेलर गैंग के फरार चल रहे एक आरोपी को 10 अक्टूबर रविवार को गिरफ्तार कर लिया। अधारताल निवासी देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर SP सिद्धार्थ बहुगुणा ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। ब्लैकमेलर गैंग पर विभिन्न थानों में कुल 8 एफआईआर दर्ज हैं। कुल 23 आरोपियों में अब तक 16 गिरफ्तार हो चुके हैं। 8 अब भी फरार चल रहे हैं।
टीआई नीरज वर्मा के मुताबिक मदनमहल थाने में दर्ज फर्जीवाड़ा, वसूली, धमकी व आईटी एक्ट के प्रकरण में अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोपी अधारताल निवासी देवेंद्र यादव दो महीने से फरार चल रहा था। कई बार टीम ने उसके घर दस्तक दी, लेकिन वह नहीं मिला। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी ने पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। क्राइम ब्रांच को आरोपी के बारे में पता चला था। टीम ने उसे दबोच कर मदनमहल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मदनमहल पुलिस आरोपी से उसके अन्य फरार साथियों के बावत पूछताछ में जुटी है।
दो आरोपी अब शेष
टीआई नीरज वर्मा के मुताबिक उनके यहां दर्ज प्रकरण में फरार चल रहे अर्पित ठाकुर और शैलेंद्र गौतम ही शेष है। अन्य 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले 18 अगस्त को पुलिस ने केवट माेहल्ला निवासी तनु श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया था। यह हिंदू संगठन का पदाधिकारी बताने वाले अर्पित व शैलेंद्र के साथ हर वसूली वाली वारदात में शामिल रहता था।
ये था मामला
ये गिरोह फर्जी पत्रकार, क्राइम ब्रांच और हिंदू संगठन के पदाधिकारी बनकर लोगों को ब्लैकमेल कर पैसे वसूलते थे। दो महीने पहले मदनमहल में एक महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर पहले एक लाख रुपए की डिमांड की और मांग पूरी नहीं हुई तो उसे वायरल कर दिया था। मदनमहल थाने में पीड़ित महिला की शिकायत पर पहली एफआईआर दर्ज हुई। इसके बाद कई प्रकरण दर्ज हुए।
ब्लैकमेलर गैंग पर कुल 8 एफआईआर हैं दर्ज, 23 हैं आरोपी
मदनमहल में-
- शास्त्रीनगर तिलवारा निवासी 28 वर्षीय महिला को निर्वस्त्र कर वीडियो बनाकर वायरल करना और एक लाख की मांग करना।
- महिला मैनेजर की मौजूदगी में क्राइम ब्रांच बनकर होटल में रेड करना और 20 हजार रुपए महीने न देने पर हिंदू-मुस्लिम दंगा करा कर आग लगवाने की धमकी देना।
ग्वारीघाट में-
- क्राइम ब्रांच बनकर भीमनगर में किराए से रहने वाले नरसिंहपुर निवासी आशू से धमका कर 36 हजार 500 रुपए ऐंठना।
माढ़ोताल में-
- गढ़ा निवासी अभिषेक दीक्षित को करमेता में 500 वर्गफीट का प्लाट 6.50 लाख रुपए में बेचने का सौदा कराकर पैसे हड़प लेना।
गढ़ा में-
- गढ़ा निवासी अभिषेक दीक्षित को हेल्थ या पुलिस में जॉब दिलाने का झांसा देकर 4 लाख रुपए ऐंठ लेना।
- गौतम मढ़िया निवासी सिया बाई के मकान में जबरन कब्जा जमाना और एसडीएम कोर्ट के आदेश के बावजूद खाली न करने को लेकर धमकाना।
संजीवनी नगर में-
- तकिया मोहल्ला वीरेंद्रपुरी वार्ड निवासी दीपक जायसवाल के परसवाड़ा स्थित राशन दुकान में गड़बड़ी की खबर चलाने की धमकी देकर 1.50 लाख रुपए मांग रहे थे।
तिलवारा में-
- होटल आर्बिट में शादी की बुकिंग कराई। 16.37 लाख के बिल में 8 लाख रुपए दिए। शेष रकम का चेक बाउंस हुआ तो होटल को बदनाम करने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपए और मांग रहे थे।
अब तक 16 गिरफ्तार, 8 फरार
जबलपुर पुलिस 8 प्रकरण में कुल 23 लोगों को आरोपी बना चुकी है। अब तक 16 आरोपी संतोष जैन, पंकज गुप्ता, विवेक मिश्रा, जेपी सिंह, अंकित श्रीवास्तव, बादल पटेल, दिलीप थोरात उर्फ बबला, प्रेम सिंह लोधी, कोमल पटेल, अमन चौबे, तुलसीदास अवस्थी,आशीष अग्रवाल, कपिल दुबे व तनु श्रीवास्तव व देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं 8 आरोपी अर्पित ठाकुर, शैलेंद्र गौतम, उसकी बहन मोना उर्फ भारती गौतम, मां चंद्रवती, रवि बेन, गौरव सोनी, विकास सराफ व दीपक मिश्रा फरार चल रहे हैं।