न्यूज़ सुनें....
|
दुमका….
झारखंड के दुमका जिले में स्पेन की महिला से हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 4 की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को रविवार को दुमका कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार की रात स्पेन से घूमने आई टूरिस्ट के साथ जिले के हंसडीहा के कुंजी गांव में 7 लोगों ने गैंगरेप किया था। शनिवार को मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने इन तीन लोगों को पहले हिरासत में लिया, फिर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तीन आरोपी कुंजी गांव के बताए जा रहे हैं। विदेशी महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि पहले 2 लोग आए, फिर फोन कर 5 लोगों को बुलाया। सभी ने उनके साथ मारपीट की। फिर पति के हाथ बांधकर करीब ढाई घंटे तक सभी ने बारी-बारी से रेप किया।
पहले 2 लोग आए, फिर 5 को फोन कर बुलाया-विदेशी महिला
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शाम के 7 बजे के करीब दोनों पति-पत्नी टेंट में थे, तभी बाहर से आवाज सुनाई दी। देखा तो दो लोग फोन पर बात कर रहे थे। थोड़ी देर बाद 5 लोग 2 बाइक से आए। सभी टेंट में घुस गए। इस दौरान तीन लोगों ने मेरे पति को पकड़ा, उनके हाथ बांध दिए और उनसे मारपीट की।
जबकि 4 लोग मुझे टेंट से बाहर ले गए। सबने मेरे साथ मारपीट की। फिर बारी-बारी से रेप किया। बाद में टेंट में मौजूद तीन लोगों ने भी दरिंदगी की। शाम साढ़े 7 बजे से रात 10 बजे तक वारदात को अंजाम दिया गया। सभी आरोपी नशे में थे।
डायमंड की रिंग और डॉलर लूटे
FIR में पीड़िता ने बताया है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद उनके पति की स्मार्टवॉच, डायमंड की अंगूठी, पर्स, ब्लूटूथ, स्पेन बैंक का क्रेडिट कार्ड, बांग्लादेशी सिक्के, 11 हजार भारतीय रुपए और 300 US डॉलर लूट लिए। तीन पन्नों के आवेदन में महिला ने वारदात की पूरी कहानी बताई है।
स्पीडी ट्रायल चलेगा- SP
दुमका SP पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि इस मामले का स्पीडी ट्रायल होगा और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। जेल भेजे गए आरोपियों में राजन मरांडी, प्रदीप किस्कू और सुखलाल हेम्ब्रम हैं। ये तीनों कुंजी गांव के अलग-अलग टोले के रहनेवाले बताए जा रहे हैं। ये मजदूरी करते हैं और इनकी उम्र 25 से 30 साल के बीच है।
महिला आयोग ने पुलिस पर खड़े किए सवाल
झारखंड पहुंची महिला आयोग की सदस्य ने पुलिस और प्रशासन की लचर व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है जिसमें सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कहा है। इस संबंध में राष्ट्रीय महिला आयोग ने DGP को चिट्ठी लिखी है। साथ ही आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा की ओर से DGP को ट्वीट कर इसकी जानकारी भी दी है।
झालसा ने दिया कानूनी मदद का भरोसा
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) ने भी मामले पर संज्ञान लेते हुए पीड़ित महिला और उसके पति को कानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। दोनों की सुरक्षा की झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष और हाईकोर्ट के जस्टिस एसएन प्रसाद निगरानी कर रहे हैं। कानूनी प्रविधानों के तहत पीड़ित को अधिकतम 10 लाख रुपए तक का मुआवजा, बेहतर इलाज और सभी कानूनी सुविधाएं दी जाएंगी।
1 मार्च को स्पेनिश टूरिस्ट से 7 युवकों ने किया था गैंगरेप
दुमका में शुक्रवार देर रात स्पेन की महिला (30) से 7 युवकों ने गैंगरेप किया था। विदेशी महिला अपने पति के साथ टूरिस्ट वीजा पर घूमने आई थी। इस दौरान रात होने पर जिले के कुरमाहाट इलाके में पति के साथ एक खेत में टेंट लगाकर आराम कर थी तभी उसके साथ वारदात हुई। विरोध करने पर आरोपियों ने कपल के साथ मारपीट भी की थी। वारदात के बाद महिला खुद बाइक चलाकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंची।