न्यूज़ सुनें....
|
उज्जैन….
महाकाल मंदिर में अब 1500 रुपए का टिकट लेकर श्रद्धालुओं की एंट्री कराने की सीमा खत्म कर दी जाएगी। यानि अनलिमिटेड लोग 1500 रुपए का टिकट लेकर गर्भगृह में जाकर दर्शन कर सकेंगे। पहले सिर्फ 580 टिकट वितरण की व्यवस्था थी। ये लिमिट खत्म करने की तैयारी है। हालांकि इसका फाइनल निर्णय दो-तीन दिन बाद लिया जाएगा। इसके अलावा गर्भगृह में फोटोग्राफी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। ये डिसीजन शनिवार को हुई महाकाल मंदिर प्रबंध संमिति की बैठक में लिया गया। बैठक में तय किया गया कि 1500 की टिकट वाले श्रद्धालुओं को दर्शन होते ही बाहर निकाला जाएगा, ताकि पीछे आने वाले श्रद्धालुओं को समय मिल सके।
दैनिक भास्कर द्वारा मुद्दा उठाने के बाद अब जल्द ही महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक संख्या में गर्भगृह में जाने को मिल सकेगा। दरअसल, महाकाल मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। भीड़ होने से समिति ने गर्भगृह में सिर्फ 1500 रुपए की रसीद लेकर दर्शन को आने वाले और प्रोटोकॉल से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अनुमति दी हुई है। ये सभी श्रद्धालु बड़े गणपति मंदिर के पास बने प्रोटोकॉल कार्यालय से रसीद लेकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करते हैं। 11 अक्टूबर के बाद से भीड़ के बढ़ने की वजह से रोजाना प्रोटोकॉल कार्यालय पर विवाद की स्थिति बन रही है। शुक्रवार को भी 1500 की टिकट के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं ने जमकर हंगामा किया था।
फोटोग्राफी प्रतिबंधित, 1500 की टिकट अनलिमिटेड लोगों को मिलेगी
शनिवार को कलेक्टर आशीष सिंह ने प्रशासक संदीप सोनी और प्रबंध समिति के सदस्यों के साथ बैठक रखी। कलेक्टर ने बताया कि 1500 वाली व्यवस्था में ज्यादा भीड़ होने से पीछे वाले दर्शनार्थियों के दर्शन नहीं हो पाते थे। इसलिए रोजाना टिकट की तय संख्या में 580 दिए ही जा रहे थे। इनमें करीब 300 टिकट पंडे अपने यजमान के लिए रखते थे। महज 280 टिकट ही सामान्य लोगों के लिए बचते थे। साथ ही, 1500 रुपए लेकर गर्भगृह में जाने वाले लोग फोटोग्राफी करने लगते थे। इससे अधिक समय लगता था। अब ऐसा नहीं होगा। इसे देखते हुए गर्भगृह में फोटोग्राफी को पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है। इसमें सफलता मिलते ही जल्द ही 1500 की टिकट को अनलिमिटेड करने का भी विचार है।
जानिए, गर्भगृह में दर्शन व्यवस्था
महाकाल मंदिर समिति ने मंगलवार से शुक्रवार तक आम भक्तों के लिए भीड़ कम होने की स्थिति में गर्भगृह से दर्शन व्यवस्था को निःशुल्क रखा है, लेकिन बीते एक माह से भीड़ का दबाव रोजाना बढ़ रहा है, जिसके चलते निशुल्क दर्शन नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के गर्भगृह में दर्शन के लिए मंदिर समिति रोजाना 1500 रुपए में दो श्रद्धालुओं के लिए एक टिकट जारी करती है। जो कि दिन भर में मात्र 580 टिकट का कोटा तय है।
इसमें भी सुबह 6 से दोपहर 1 तक 150 टिकट शाम शाम 6 से रात 8 बजे तक मात्र 50 भक्तों को गर्भगृह में प्रवेश की व्यवस्था रखी है। बाकी बचे 380 टिकट ये सभी मंदिर में 22 पुरोहित और 16 पुजारी के यजमान के लिए निर्धारित है। ऐसे में रोजाना आने वाले हजारो श्रद्धालु गर्भगृह में दर्शन से वंचित रह जाते हैं।