न्यूज़ सुनें....
|
गुना….
जिले के चांचौड़ा इलाके में राशन की दुकान को सील कर दिया गया है। जब नायब तहसीलदार निरीक्षण करने पहुंचे तो संचालक दुकान बंद कर भाग गया। तहसीलदार ने पूरी घटना की जानकारी SDM को दी, जिसके बाद SDM ने पहुंचकर दुकान खुलवाई और निरीक्षण किया। राशन वितरण में गड़बड़ी पाए जाने पर दुकान को सील कर दिया गया है। वहीं संचालक के खिलाफ थाने में FIR भी की गई है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत खाद्यान्न वितरण के निरीक्षण के लिए कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए ने विभिन्न अधिकारियों की तैनाती की है। अधिकारियों द्वारा रोजाना अलग-अलग शासकीय उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार रमाशंकर कोटरा ग्राम स्थित पीडीएस दुकान का सामान्य निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पीडीएस संचालक रूप सिंह मीना ने नायब तहसीलदार को निरीक्षण नहीं करने दिया। वह अपनी दुकान बंद कर भाग गया।
SDM ने दिखाई सख्ती
तहसीलदार ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी चांचौड़ा SDM वंदना राजपूत को दी। SDM खाद्य विभाग और पुलिस बल को लेकर दुकान पर पहुंचीं। वहां संचालक को बुलवाया और दुकान खुलवाई। उन्होंने अंदर रखे राशन, स्टॉक रजिस्टर की जांच की। निरीक्षण में राशन दुकान के संचालन में काफी अनियमितताएं पाई गईं। गड़बड़ी के चलते दुकान को सील कर दिया गया। साथ ही दुकान संचालक रूप सिंह मीना और उनके पुत्र आशीष मीना के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई गई है। थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम और मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली आदेश 2015 के तहत मामला दर्ज किया गया है।