न्यूज़ सुनें....
|
नई दिल्ली….
केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा दिया है। कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कैबिनेट में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने केंद्र के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 4% बढ़ाने का फैसला लिया है। पिछली बार सरकार ने मार्च में DA बढ़ाया था, यह 1 जनवरी 2022 से लागू हुआ था।
मार्च में सरकार ने DA में 3% की बढ़ोतरी की थी, यानी इसे 31% से बढ़ाकर 34% कर दिया गया था। अब 4% बढ़ने के बाद यह 38% हो जाएगा। सरकार के महंगाई भत्ते बढ़ाने से देश के 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनधारकों को फायदा होगा। इससे सरकार पर सालाना 12,852.56 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इसके अलावा कैबिनेट ने PM गरीब कल्याण योजना को 3 महीने बढ़ाने का फैसला लिया है।
PM गरीब कल्याण अन्न योजना 3 महीने बढ़ाई
कैबिनेट ने PM गरीब कल्याण योजना को 3 महीने बढ़ाने का फैसला लिया है। अब इस योजना का लाभ दिसंबर 2022 तक मिलता रहेगा। पहले सितंबर 2022 को ये योजना खत्म हो रही थी। केंद्र के इस फैसले से देश के 81 करोड़ से अधिक लोगों को एक बार फिर से राहत मिली है। अब देश के जरूरतमंदों को दिसंबर 2022 तक मुफ्त राशन मिलता रहेगा। गरीब कल्याण योजना के तहत 81 करोड़ लोगों को 5 किलो गेहूं या चावल के साथ एक किलो चना हर महीने दिया जाता है।
इन्हें मिलता है योजना का लाभ
इस योजना के तहत, सरकार नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट (NFSA) के तहत पहचान किए गए लोगों को मुफ्त राशन देती है। NFSA ने 80 करोड़ राशन कार्डधारकों को मुफ्त राशन मिलने वालों की सूची में रखा है। इस स्कीम के तहत मिलने वाला मुफ्त राशन, कार्डधारकों को राशन की दुकानों के जरिए मिलने वाले सब्सिडी वाले अनाज के अलावा और उसके ऊपर होता है।