न्यूज़ सुनें....
|
इंदौर….
स्वच्छता में देश में 5 बार परचम फहराने वाले इंदौर शहर में आज एशिया के सबसे बड़े CNG गोबर धन प्लांट का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा- हम जब छोटे थे, तब इंदौर का नाम आते ही सबसे पहले देवी अहिल्या बाई होल्कर, महेश्वर और उनके सेवाभाव का ध्यान जरूर आता था। समय के साथ इंदौर बदला। ज्यादा अच्छे के लिए बदला, लेकिन देवी अहिल्या की प्रेरणा को कभी खोने नहीं दिया। उनका नाम आते ही आज इंदौर के लिए मन में आता है ‘स्वच्छता’ आ जाता है।
पीएम मोदी ने कहा- बेसराहा मवेशियों से होने वाली परेशानी भी इस तरह के गोबर धन प्लांट से कम हो जाएगी। गोबर धन योजना यानी कचरे से ‘कंचन’ बनाने के अभियान का असर हो रहा है। कचरे और गोबर से गैस बनेगी। इससे लोगों को आय भी होगी। इसकी जानकारी जितने ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिले वो उतना ही अच्छा है। इस प्लांट से सीएनजी के साथ ही 100 टन जैविक खाद भी रोज निकलेगी। सीएनजी से प्रदूषण कम होगा। सभी को जीवन जीने में सुविधा बढ़ेगी। हमारी धरती मां को भी नया जीवन मिलेगा। हमारी धरती का कायाकल्प होगा। पीएम मोदी ने कहा कि- मुझे प्रसन्नता है कि काशी में देवी अहिल्या की सुंदर प्रतिमा रखी गई है। जब लोग काशी विश्वनाथ के दर्शन करने जाएंगे तो इनके भी दर्शन करेंगे।
कोयले के कारखानों में पराली का उपयोग
पीएम मोदी ने कहा- एक और बात पराली की है। इससे हमारे लोग परेशान हो रहे हैं। हमने एक फैसला किया है कि कोयले से चलने वाले बिजली कारखानों में पराली का उपयोग किया जाएगा। इससे किसानों को अतिरिक्त आय मिलेगी। प्रदूषण भी कम होगा। हमने सोलर पावर में दुनिया के पांच देशों में जगह बना ली है। इंदौर की जागरूक बहनों ने कूड़े के प्रबंधन को एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया है। इंदौर के लोग इसे 6 हिस्सों में अलग-अलग करते हैं, जिससे कूड़े की प्रोसेसिंग और रिसाइकिलिंग हो सकती है। ये अपने आप में देश की बड़ी सेवा है।
शिवराज बोले-
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि, वन सन, वन वर्ल्ड, वन ग्रिड एंड वन नरेंद्र मोदी… जब सब ये कहते हैं तो हमारा सीना गर्व से फूल जाता है। यह भारत की प्रगति का गौरव काल है। दुनिया सुरक्षित रहे, इसके लिए भी हमारे पीएम ने दुनिया को दिशा दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, वेस्ट टू बेस्ट का मंत्र भी प्रधानमंत्री ने दिया। मध्यप्रदेश इस पर अमल कर रहा है। इंदौर का सीएनजी प्लांट इसी का परिणाम है। पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाकर ‘मैं भी झोलाधारी इंदौर’ अभियान शुरू किया जा रहा है। सीएनजी प्लांट में गोबर का इस्तेमाल भी किया जाएगा। ये गोबर हम आसपास के गांव से 5 रुपए प्रति किलो खरीदेंगे। मध्यप्रदेश में सोलर एनर्जी, बॉयो एनर्जी पर भी काम चल रहा है। पर्यावरण को बचाने के लिए एमपी में अंकुर अभियान चलाया जाएगा। मैं भी रोज एक पेड़ लगा रहा हूं। अब प्रदेश में 6000 लोग रोज एक पेड़ लगा रहे हैं।