न्यूज़ सुनें....
|
सीकर….
राजस्थान के सीकर शहर के बड़े हार्ट सर्जन डॉ. वीके जैन का तोता तीन दिन पहले लापता हो गया तो पत्नी ने खाना-पीना छोड़ दिया। तोते को ढूंढने के लिए डॉक्टर ने लाखों रुपए खर्च कर दिए। उन्होंने अखबार के फ्रंट पेज पर मिसिंग का विज्ञापन छपवाया। शहर में पोस्टर-पैम्फ्लेट बंटवाए, सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल किए।
इतना ही नहीं तोता ढूंढकर लाने वाले के लिए इनाम की भी घोषणा की है। डॉ. वीके जैन का कहना है, ‘कोई तोते को ढूंढकर हमें सूचना देता है तो मैं खुशी-खुशी उसे एक लाख रुपए देने को तैयार हूं।’ परिवार के लोग और अस्पताल का स्टाफ दिन-रात तोते को ढूंढ रहा है।
टैरेस पर सेब खिलाते समय उड़ गया
डॉ. जैन की पत्नी डॉ. अर्चना ने बताया कि अस्पताल के ऊपर ही उनका घर है। तीन दिन पहले टैरेस पर तोते को सेब खिला रहे थे। इसी दौरान वह उड़ गया और वापस नहीं आया। तीन दिन से तोते को ढूंढ रहे हैं। अभी तक तोते के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
दो साल पहले 80 हजार में खरीदे थे 2 तोते
डॉ. जैन ने बताया कि दो साल पहले अफ्रीकन ग्रे कलर के दो तोतों का जोड़ा 80 हजार रुपए में खरीदकर लाए थे। एक तोते का नाम कोको रखा था। दो साल में कोको घर का सदस्य बन गया था। उसके चले जाने से घर सूना हो गया है।
एक हजार से ज्यादा शब्द बोलता था
डॉ. जैन ने बताया कि तोता दुर्लभ प्रजाति का है। एक हजार से ज्यादा शब्द बोलता है। सभी से बात करता था, कुछ पूछने पर जवाब भी देता था। उसके जाने से बेटा-बहू और बेटी उदास हो गए हैं। पत्नी रोते हुए बस उसके आने का इंतजार कर रही हैं।
सिरिंज से पिलाते थे जूस-दूध
कोको परिवार के साथ इतना घुल मिल गया था कि जब भी घरवाले खाना खाते तो वो भी उनके साथ ही बैठ जाता था। डॉक्टर जैन ने बताया कि उसे सिरिंज से जूस और दूध पिलाया जाता था।
अस्पताल स्टाफ का भी तोते से हुआ खास लगाव
अस्पताल की मैनेजर आरती बताती हैं कि तोते के गुम होते ही स्टाफ ने उसे ढूंढना शुरू कर दिया था। अब तक उसका पता नहीं चला है। तोता स्टाफ से भी बात करता था। ऐसे में उनका भी तोते से भावनात्मक जुड़ाव था।
फार्म हाउस में पाल रखे हैं कई पशु-पक्षी
डॉ. जैन का पशु-पक्षियों से खास लगाव है। उनका झुंझुनूं बाइपास पर फार्म हाउस है। वहां उन्होंने बत्तख, तोते, कबूतर, खरगोश, बिल्ली, कुत्ता, घोड़ा सहित कई पशु-पक्षी पाल रखे हैं।
jsamachar
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by jsamachar. Publisher:bhaskar.com